June 26, 2026

बैजनाथ पपरोला शहरों में दूर होगी पानी की किल्लत

7837dec6-c03e-48ef-a4f9-97764f9d66f7

अमृत मिशन पेयजल योजना का 40 प्रतिशत कम हुआ पूरा

मुनीष दीक्षित, बैजनाथ। लंबे समय से पेयजल किल्लत का सामना कर रहे बैजनाथ-पपरोला शहरों को जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। करीब दो दशक बाद लगभग 44 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। अटल कायाकल्प और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) के तहत बनने वाली इस योजना से बैजनाथ और पपरोला दोनों शहरों को भरपूर पेयजल मिलेगा।

दोनों कस्बे काफी समय से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। इस योजना के तहत सब्जी मंडी के ठीक नीचे काम शुरू हो रहा है। बिनवा रेल पुल से कुछ मीटर दूर बनी नई ट्रांचवेयर से पानी लिया जाएगा। यहां पानी फिल्टर होकर दो बड़ी पाइपलाइनों से बैजनाथ और पपरोला शहरों के ऊपरी क्षेत्र में बनने वाले बड़े टैंकों तक पहुंचेगा। एक टैंक बैजनाथ के गणखेहतर में और दूसरा पपरोला के कंडी गांव के पास बनाया जा रहा है। दोनों टैंकों की क्षमता 10-10 लाख लीटर रहेगी।

इसके बाद दोनों शहरों में पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 22 ओवरहेड टैंक बन रहे हैं। इनमें 9 टैंक पपरोला और बाकी बैजनाथ क्षेत्र में होंगे। विभाग के कनिष्ठ अभियंता पवन धीमान ने बताया कि पपरोला में 8 इंच की पाइपलाइन का काम शुरू हो चुका है।

बिछेंगी नई पाइपलाइनें, लगेंगे पानी के मीटर

इस योजना का कार्य दो साल में पूरा किया जाएगा। अभी तक 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। नई पाइपलाइन से उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिए जाएंगे और घरों में पानी के मीटर भी लगाए जाएंगे। जिन लोगों के अवैध कनेक्शन लगे हैं, उन्हें वैध कनेक्शन लेने के लिए आवेदन करना होगा।

इस योजना का काम युद्ध स्तर पर चला है। ओवरहेड टैंक बनाने का काम चल रहा है और कई टैंक तैयार हो चुके हैं। बैजनाथ और पपरोला नगर परिषद क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और पानी के मीटर लगाए जाएंगे।
– राहुल धीमान, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग बैजनाथ

बैजनाथ क्षेत्र में सभी स्थानों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। बैजनाथ-पपरोला शहरों के लिए बनने वाली यह योजना यहां के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इसका काम जल्द पूरा करवाया जा रहा है।
– किशोरी लाल, विधायक बैजनाथ

बैजनाथ। पपरोला में पेयजल योजना की बिछ रही पाइपलाइन का निरीक्षण करते हुए अधिशासी अभियंता राहुल धीमान व कनिष्ठ अभियंता पवन धीमान।