बैजनाथ के नगेहड़ में बेटे ने कर दी सौतेले बाप की हत्या
बैजनाथ। थाना बैजनाथ के तहत आने वाले नगेहड़ गांव में एक बेटे द्वारा अपने सौतले पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित सुरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार बंडियां पंचायत के अप्पर नगेहड़ गांव की 67 वर्षीय रामप्यारी ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया कि सोमवार शाम को उसका बड़ा बेटा सुरेन्द्र कुमार घर आया तथा उसके साथ गाली गलौच करने लगा। इसके बाद उसका छोटा बेटा सुरजीत कुमार भी घर पहुचां, उसने बड़े भाई को मां को गालियां देने से रोका। इसके बाद सुरेंद्र कुमार अपनी मां और छोटे भाई के साथ हाथापाई पर उतर गया। इस दौरान रामप्यारी का पति जगदीश चंद वहां आया और सुरेंद्र को लड़ाई से रोकने लगा।
सुरेंद्र कुमार ने जगदीश चंद के सिर व पेट में लात – मुक्के मारना शुरू कर दिए। इससे जगदीश चंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें बैजनाथ अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जगदीश चंद को हार्ट में स्टंट भी डले थे। जगदीश चंद सेना से सेवानिवृत हुए थे, उसके बाद उन्होंने आरबीआई में भी नौकरी की। बताया जा रहा है कि जगदीश चंद की पहली पत्नी की काफी साल पहले मौत हो गई थी। कुछ साल पहले जगदीश चंद ने अपने अकेले जीवन को देखते हुए रामप्यारी से शादी की थी। सुरेंद्र कुमार और सुरजीत रामप्यारी के बेटे हैं। इन दोनों बेटों को जगदीश चंद ने घर बनाने में पूरी मदद की और बेटों की तरह ही इन्हें देखता भी था। उसके बावजूद बड़ा बेटा जमीन को लेकर अक्सर लड़ाई करता था। सोमवार शाम को भी अपनी मां से जमीनी विवाद को लेकर ही झगड़ा कर रहा था कि जगदीश चंद इस झगड़े में मौत का शिकार बन गए। आरोपित सुरेंद्र कुमार विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित सुरेंद्र कुमार को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया था। उससे पूछताछ की जा रही है।
