बर्फ को उमड़ा सैलाब, बेबस हो गई सड़कें
मुनीष दीक्षित बीड़। पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बिलिंग घाटी में बर्फबारी को देखने के लिए रविवार को सैलाब उमड़ पड़ा। कुछ ही घंटों में हालात यह हो गए कि बीड़ से बिलिंग को जाने वाली 14 किलोमीटर लंबी सड़क वाहनों की संख्या के आगे बेबस हो गई। बीड़ पुलिस स्टेशन का स्टाफ इस ट्रैफिक जाम को खुलवाने के लिए देर शाम तक डटा रहा। लेकिन बर्फ को देखने की ललक लेकर बिलिंग तक पर्यटकों के वाहनों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए। यही हाल बीड़ लैंडिंग साइट का था, वहां भी कई घंटे तक ट्रैफिक जाम रही। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के बेशक कई दावे किए जाते हो। लेकिन इस बढ़ाओ को संभालने की व्यवस्था को लेकर सब बेबस हो जाते हैं।
बीड़ बिलिंग मौजूदा समय में हवाई रोमांचक खेल पैराग्लाइडिंग के लिए प्रसिद्ध है। दो दिन पहले बिलिंग में दो फुट के लगभग बर्फबारी हुई है। रविवार को छुट्टी होने के कारण पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और जम्मू कश्मीर से पर्यटकों का हजूम उमड़ पड़ा। यही हाल बरोट वैली का भी था। बीड़ में पर्यटक व्यवस्था को देखकर काफी परेशान हुए, क्योंकि वाहनों की कतार को बिलिंग जाने से कोई रोक नहीं रहा था और जब बिलिंग से 4 किलोमीटर नीचे तक वाहनों की रफ्तार पहुंच गई। तो न गाड़ियों को मोड़ने की जगह थी और न ही नीचे से आ रही सैकड़ो वाहनों की कतार को रोकने के लिए कोई जहमत उठाने वाला था। हालांकि इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए मैकलोडगंज की तर्ज पर बीड़ में भी पुलिस थाना स्थापित किया गया है। लेकिन यहां स्टाफ इतना कम है कि पर्यटकों की भारी भीड़ के आगे सब व्यवस्था बेबस हो गई।
