बैजनाथ शिव मंदिर में शुरू हुआ घृत मंडल पर्व
बैजनाथ। ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में बुधवार शाम से घृत मंडल पर्व का शुभारंभ हो गया। मकर संक्रांति के उपलक्ष्य पर शुरू होने वाला यह पर्व कई सालों से मनाया जाता है। यह पर्व 20 जनवरी तक चलेगा और 21 जनवरी सुबह आरती के समय इस मंडल को हटा दिया जाएगा। बुधवार दोपहर को रुद्राभिषेक के साथ बैजनाथ और कांगड़ा से आए मंदिर पुजारियों ने घृत मंडल बनाने का काम शुरू किया और शाम आरती से पहले घृत मंडल बनकर तैयार हो गया। इस मौके पर बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल, एसडीएम संकल्प गौतम भी मंदिर पहुंचे और सभी को मकर संक्रांति की बधाई दी।
मंदिर में स्थानीय लोगों और जालपा म्यूजिक ग्रुप द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी धर्मेंद्र शर्मा व सुरेंद्र आचार्य ने बताया कि 21 जनवरी सुबह 4 बजे घृत मंडल को हटा दिया जाएगा। इस मक्खन को प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को वितरित किया जाता है। ऐसा माना जाता है कि प्रसाद चर्म रोगों के लिए काफी उपयुक्त है। उधर इसके अलावा संसाल में स्थित बाबा मुकुट नाथ, बाबा महाकाल, बाबा पल्लीकेशवर महादेव सहित बैजनाथ बस अड्डे के साथ स्थित पुठे चरण मंदिर में भी घृत मॉडल बनाया गया है।
