June 26, 2026

सरकारी स्कूल में पढ़ाई, पहले ही प्रयास में सफलता पाई

abhishek kapoor

मुनीष दीक्षित बैजनाथ। एचएएस के घोषित परीक्षा परिणाम में बैजनाथ के संसाल मंढेहड़ गांव के अभिषेक कपूर का हिमाचल प्रदेश पुलिस सर्विस के लिए चयन हुआ है। अभिषेक कपूर ने अपनी पढ़ाई सरकारी स्कूल में की और उसके बाद केंद्रीय विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। ग्रामीण क्षेत्र से संबंध रखने वाले अभिषेक कपूर ने कभी ग्रामीण परिस्थितियों को अपने पर हावी नहीं होने दिया। दसवीं तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संसाल में की। उसके बाद जमा दो तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बीड़ से की। इसके बाद केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला से स्नातक की डिग्री हासिल की। अभिषेक कपूर का शुरू से ही भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना है। इसके लिए वह यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। ‌ अभिषेक ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा की परीक्षा दी थी। इसमें पहले ही प्रयास में अभिषेक को सफलता हासिल हुई है।

अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता तिलक राज और माता गिलमो देवी को दिया है। साथ ही उन्होंने बताया कि जमा दो की पढ़ाई के बाद स्वामी रामानंद चैरिटेबल ट्रस्ट संसाल की तरफ से उनकी पढ़ाई में काफी मदद की गई। अभिषेक के पिता तिलकराज गांव में छोटी सी दुकान करते हैं। उनके दो बेटे हैं एक अभिषेक और एक सूरज। ‌ तिलक राज ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि उनका बेटा शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाने की बात करता था और आज उसने यह साबित कर दिखाया है। स्वामी रामानंद चैरिटेबल ट्रस्ट संसाल के महासचिव राजेश शर्मा ने बताया कि अभिषेक काफी मेहनती था और बीड़ स्कूल में यह टॉपर रहा। ट्रस्ट हमेशा ऐसे बच्चों की मदद करता है और अभिषेक की ट्रस्ट के माध्यम से जो मदद हो सकी वह की गई और आज खुशी है कि अभिषेक को सफलता मिली है।