June 26, 2026

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जंडपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित

jandpur school
बैजनाथ। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को जीवन मूल्यों का ज्ञान देना उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है यह बात विधायक किशोरी लाल आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जंडपुर में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि छात्रों को समावेशी, समानता आधारित, भविष्योन्मुखी, नई तकनीक के प्रति सजग तथा जीवन मूल्यों के प्रति संवेदनशील बनाना प्रदेश सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण तत्परता के साथ कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिसके फलस्वरूप विकास की यह प्रक्रिया केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को भी समान रूप से लाभ पहुंचाया जा रहा है एवं जंडपुर क्षेत्र भी इस विकास यात्रा से अछूता नहीं है।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, गीत-संगीत, नाट्य प्रस्तुति एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों, अनुशासन एवं प्रतिभा के आधार पर मुख्यातिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक किशोरी लाल ने विद्यालय को 11 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जंडपुर के प्रधानाचार्य यशपाल सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा शैक्षणिक, सहशैक्षणिक एवं अधोसंरचनात्मक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण दिया।
इस अवसर पर प्रधान जंडपुर रीता देवी,  प्रधान तरहल प्यार चंद राणा, उपप्रधान नोरी कमल राणा, एस एम सी प्रधान कमना शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, सहित बंगला देवी, राजेंद्र राज, सुशील धीमान, ज्योति, संतोष, विनोद, विधि, सुरेंद्र, कुलभूषण, तिलक,मेहरचंद, भीम,सविता व अभिभावक, अध्यापकगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।