बैजनाथ पपरोला में कटेंगे अवैध पेयजल कनेक्शन
बैजनाथ। नगर परिषद क्षेत्र बैजनाथ पपरोला में अवैध पेयजल कनेक्शन लेने वालों पर विभाग कार्रवाई करने जा रहा है। जल शक्ति विभाग बैजनाथ के सहायक अभियंता ई शरती शर्मा ने बताया कि बैजनाथ पपरोला शहरों में रिकॉर्ड के अनुसार काफी कम कनेक्शन है। लेकिन कई लोगों ने विभाग की अनुमति के बिना ही अपने स्तर पर विभाग की पाइपों से अवैध कनेक्शन ले लिए हैं। उन्होंने कहा कि 15 दिन के भीतर ऐसे लोग अपने कनेक्शनों को विभाग के कार्यालय में आकर वैध करवा लें। इसके अलावा जिन लोगों को पानी के बिल नहीं आ रहे हैं वे भी विभाग के कार्यालय में बिल सेक्शन में जानकारी ले और समय पर बिल जमा करवाएं। शरती शर्मा ने बताया कि 15 दिन के बाद ऐसे अवैध कनेक्शनों को काट दिया जाएगा।
