June 26, 2026

बिलिंग टेक ऑफ साइट से गिरी कार, दो युवकों की मौत 

billing accident

बैजनाथ/बीड़। जिला कांगड़ा की विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ बिलिंग में सोमवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक कार को बिलिंग-बीड़ रोड से हटाकर बिलिंग टेक ऑफ साइट में ले गए थे। बताया जा रहा है कि यहां से कार करीब 70 फीट नीचे सड़क में जा गिरी। बिलिंग टेक आफ साइट में गाड़ियां ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और ना ही यहां तक जाने के लिए कोई ढंग का रास्ता है।

हादसा रात करीब 12 बजे पेश आया। बताया जा रहा है कि चारों युवक आपस में दोस्त है और यहां घूमने आए हुए थे। बीड़ से शाम को वह बिलिंग पहुंचे थे और वहां  आधी रात तक मौजूद थे। इस दौरान वह कार को टेक ऑफ साइट में ले गए। जहां से कार नीचे गिरते हुए सड़क पर पहुंच गई।

कार नंबर एचपी 37 एच 2517 को नवीन चंद चल रहा था। सूचना मिलने के बाद बीड़ पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में घायल चारों युवकों को बैजनाथ अस्पताल लाया गया। अस्पताल में 31 वर्षीय राजीव ठाकुर पुत्र सुखराम, निवासी सलोहा, श्रीनैना देवी,  बिलासपुर और 36 वर्षीय नवीन चंद पुत्र प्रीतम चंद निवासी मालनू, भवारना, पालमपुर को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि

जिला मंडी के जोगेंद्रनगर के ऐहजू निवासी 27 वर्षीय अक्षय कुमार और पालमपुर के घाड़ गांव के मोहित शर्मा को उपचार के लिए टांडा रेफर किया गया। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि बीड़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।