May 7, 2024

बैजनाथ में प्रधानों की सरदारी पर बवाल, पढ़िए पूरी खबर

बैजनाथ। सत्ता परिवर्तन के सात माह बाद बैजनाथ में पंचायत प्रधान यूनियन में नए कार्यकारिणी के गठन पर विवाद पैदा हो गया है। दो साल पहले से गठित पंचायत प्रधान यूनियन के कुछ सदस्यों ने नई कार्यकारिणी के गठन पर सवाल उठाया है। वहीं प्रधानों के प्रधान की सरदारी को लेकर धानग व मझैरणा के पंचायत प्रधान भी आमने सामने आ गए हैं। कांग्रेस समर्थित माने जाने वाले मझैरणा के पंचायत प्रधान मंजीत कुमार प्रधान यूनियन के पहले उपाध्यक्ष थे। शुक्रवार को विश्राम गृह में कुछ पंचायत प्रधानों व उपप्रधानों की मौजूदगी में उन्हें प्रधान यूनियन बैजनाथ का अध्यक्ष चुना गया। जबकि बैठक में पहले से ही यूनियन के अध्यक्ष चले आ रहे धानग पंचायत के प्रधान रोहित कपूर को बुलाया ही नहीं गया था।

इसके बाद शनिवार को रोहित कपूर ने बाकायदा इसका विरोध जताया है। रोहित ने साफ कहा कि प्रधानों की नई यूनियन की कार्यकारिणी का अधिकतर प्रधान विरोध जता रहे हैं। अभी तक पहले से चली आ रही पुरानी यूनियन न तो कोई रिजाइन किया है और न ही नई यूनियन या कार्यकारिणी बनाने बारे सभी प्रधानों से कोई चर्चा हुई थी। शुक्रवार को बैजनाथ में गठित यूनियन की नई कार्यकारिणी में 18 पंचायत प्रधानों ने मंजीत कुमार को अध्यक्ष चुना है। रोहित कपूर का कहना है कि यह सब राजनीतिक दबाब से हुआ है। जबकि दो साल पहले तब पंचायत प्रधानों की कार्यकारिणी व यूनियन बनी थी, तो कहीं भी राजनीतिक हस्तक्षेप को शामिल नहीं किया गया था। क्योंकि पंचायत प्रधान यूनियन खुद प्रधानों की आवाज बुलंद करने के लिए बनाई गई है। ऐसे में अब यहां पंचायत प्रधान यूनियन को लेकर ही मामला तूल पकड़ने लगा है।

बीडीसी और नगर पंचायत पर भाजपा का कब्जा बरकरार

बैजनाथ में सत्ता परिवर्तन के साथ ही पहले ठेकेदार यूनियन और अब पंचायत प्रधानों की यूनियन का गठन हुआ है। हालांकि सत्ता बदलने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि यहां सबसे पहले बीडीसी और नगर पंचायत में हलचल होगी। लेकिन पार्षदों और बीडीसी सदस्यों के समर्थन के कारण कांग्रेस फिलहाल यहां ऐसा कोई भी कदम उठाने से अभी तक दूर ही रह रही है। जबकि यहां पंचायत प्रधानों की कार्यकारिणी में बदलाव को लेकर किए गए प्रयास में भी बवाल पैदा हो गया है।

मुझे शुक्रवार को बैठक में मौजूद पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों ने प्रधान यूनियन के अध्यक्ष की कमान सौंपी है। इसमें विरोध नहीं होना चाहिए। सत्ता परिर्वत हुआ है, ऐसे में नई कार्यकारिणी भी गठित की गई है। इसमें पंचायत प्रधानों की सहमति बनी है। – मंजीत कुमार, पंचायत प्रधान मझैरना।

विकास खंड बैजनाथ के अधिकतर प्रधानों ने नई कार्यकारिणी और यूनियन का खंडन किया है। यह यूनियन राजनीतिक दबाव के कारण बनाई गई है। हमनें न तो कोई रिजाइन दिया है और न ही पंचायत प्रधानों की ऐसी कोई सहमति हुई है। – रोहित कपूर, पंचायत प्रधान, धानग।

Girl in a jacket Girl in a jacket